
मुख्य मार्ग स्थित दुकान को बनाया निशाना, पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ..
खबर डेक्स /14जून/2026/कुहुक कानन
घरघोड़ा। नगर के व्यस्ततम मुख्य मार्ग पर स्थित श्री गुप्ता मेडिकल स्टोर में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लगभग डेढ़ लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है तथा पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने मेडिकल स्टोर के ऊपर बने गोदाम की टिन एवं अलबेस्टर शीट को काटकर दुकान के भीतर प्रवेश किया। अंदर घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया तथा डीवीआर बॉक्स के तार काट दिए, जिससे उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।
दुकान संचालक के अनुसार, चोर गल्ले में भुगतान के लिए रखी गई नकदी, चिल्लर तथा सोने-चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गए। चोरी गई राशि का अनुमान लगभग डेढ़ लाख रुपये लगाया जा रहा है। आश्चर्यजनक रूप से दुकान में रखा अधिकांश सामान सुरक्षित मिला, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों का लक्ष्य केवल नकदी और कीमती वस्तुएं थीं। इससे यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वालों ने पहले से दुकान की रेकी की थी।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के बीचों-बीच स्थित, सीसीटीवी से लैस प्रतिष्ठान में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। लोगों का आरोप है कि यदि नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता था।
आदतन अपराधियों पर निगरानी की मांग
नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जमानत पर बाहर घूम रहे असामाजिक तत्वों एवं आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। लोगों का मानना है कि ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
शहर के सीसीटीवी भी बने चिंता का विषय
जानकारों के अनुसार, एक समय घरघोड़ा नगर में विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे लगभग 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाती थी। वर्तमान में अधिकांश कैमरे बंद या खराब स्थिति में बताए जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक निगरानी व्यवस्था को फिर से दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
— कुहुक कानन समाचार
सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहें।











