महतारी सदन व एसबीआई बैंक का करेंगे उद्घाटन, करोड़ों के विकास कार्यों की देंगे सौगात
फरसाबहार/जशपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 26 अगस्त को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र फरसाबहार के पंडरीपानी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रशासन से लेकर भाजपा संगठन तक कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पंडरीपानी के गांधी चौक में विशाल डोम तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रह जाए, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा, यातायात, मंच, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों द्वारा लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।
महतारी सदन जनता को करेंगे समर्पित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पंडरीपानी में लगभग 24 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित महतारी सदन का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के नवीन बैंक परिसर का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
दस हजार से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी
मुख्यमंत्री के लंबे अंतराल के बाद गृह विधानसभा क्षेत्र में आगमन को लेकर भाजपा संगठन विशेष रूप से सक्रिय है। स्थानीय भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों द्वारा बड़ी संख्या में लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। संगठन को कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान है।
जशपुर और रायगढ़ के नेताओं का होगा जमावड़ा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जशपुर जिले के साथ-साथ रायगढ़ जिले के भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रहने की संभावना है। इसे लेकर भाजपा संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र में आगमन राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के उद्घाटन, लोकार्पण और नई घोषणाओं पर भी क्षेत्रवासियों की नजर रहेगी।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पंडरीपानी गांधी चौक स्थित कार्यक्रम स्थल पर डोम निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर आगमन को देखते हुए हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अब निगाह 26 अगस्त पर है, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने गृह विधानसभा क्षेत्र पहुंचकर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देंगे।



26 अगस्त को पंडरीपानी पहुंचेंगे








